आदमी का जीवन:6

चाँदनी रात में खेत



 अवध के पिछड़े और बाढ़ग्रस्त इलाके में आज भी बहुत तरह के अंधविश्वास प्रचलित हैं। एक अनोखे भूत की यह कहानी एक चरवाहे ने मुझे सुनायी थी। 

पिता को उस रात मेहमान को विदा करने के लिए निकलना पड़ा। वे दोनों खेतों के रास्ते से गए। चाँद की रात थी। जब वे उसी रास्ते वापस लौट रहे थे तो पीपल के पेड़ के नीचे रूक गए। जब चाँदनी रात हो तो पीपल पत्ते के ऐसे चमकते हैं जैसे हजारों आँखे चमक रही हों। थोड़ी देर वही बैठकर जब वह वापस घर की ओर लौटने लगे तो कन्ने के खेत के पास जाकर रूक गए। चाँदनी रात में खेत बहुत सुंदर लग रहे थे। उन्होंने खेतों से कहा, कितनी बढ़िया फसल लगी है। फिर वे लौट आए।

अगली सुबह पिता को बहुत तेज बुखार चढ़ा। वे न जाने क्या-क्या बड़बड़ा रहे थे। हमारे गाँव में जब ऐसा होता है तो झाड़-फूँक कराते हैं। तो ओझा आया और उसने मंत्र बुदबुदाना शुरू किया। पिता के गले में पिता की आवाज नहीं थी। न जाने कौन बोल रहा था। ओझा ने जोर से डाँटा, अपना नाम बता। फिर उसने बताया कि यह रात को लौट रहा था। मैं मरने के बाद अपने बेटे के खेत में रहता हूँ और रखवाली करता हूँ।  यह मेरे बेटे के खेत के पास रूका और इसने फसल की तारीफ की। मुझे लगा कि इसकी नीयत ठीक नहीं है। तो जाँचने के लिए मैं इसके पीछे-पीछे चला आया।
ओझा ने फिर जोर से डाँटा, तुम ऐसे आदमी के पीछे पड़े जिसको कोई लालच ही नहीं है। भूत ने कहा, गलती से चला आया। अब वापस खेत में जाऊँगा। फिर वह चला गया।

चरवाहे ने बहुत कुरेदने पर भी असली बात नहीं बतायी। मुझे यकीन है कि असली बात वह जरूर जानता होगा। राजे आखिर उसका पिता था। लेकिन यह बात सच है कि राजे लालची आदमी नहीं था/ राजे और उसके बेटे के अलावा मेरे पास दूसरा कोई जरिया नहीं कि मैं जान सकूँ कि असली बात क्या थी। और मैं तो भूतों पर भरोसा नहीं करता। तो क्या हुआ होगा? अगर राजे का पूरे गाँव में किसी से झगड़ा-झंझट नहीं है और उसे एक पैसे का लालच भी नहीं है, यह बात भी पक्की है। तो शायद हुआ यह कि कन्ने का किसी ने कान भरा। कन्ने के दिमाम में यह बात बैठ गयी कि राजे फसल चुराना चाहता है। और किसी तरह यह बात राजे को पता चली। तो उस रात लौटते हुए उसने अपना दिमाग लगाया और कन्ने के मर गए पिता को अपने पीछे बुला लिया। यह हो भी सकता और नहीं भी। या चरवाहे ने समय काटने के लिए यह कहानी गढ़कर मुझे सुना दी हो। या शायद ऐसा हो सकता है कि राजे को कोई दिमागी बीमारी हो। जो भी भूत ऐसे ही तो नहीं आते। 

Comments

Popular Posts